ब्रेकिंग
Sunil Kumar Vishwakarma / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 128
सिंगरौली एसपी शियाज के.एम. ने ली अपराध समीक्षा बैठक: आगामी नवरात्रि और त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
सिंगरौली:
जिला मुख्यालय के रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा (भा.पु.से.) की उपस्थिति में अपराध समीक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि थाना व अनुभाग स्तर पर शांति समितियों की बैठकें आयोजित की जाएं और दुर्गा पूजा समितियों तथा डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। पूजा पंडालों में महिला सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, विद्युत सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन मार्गों पर विद्युत तारों, गहरे पानी और डूबने जैसी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने, तय रूट से ही शोभायात्राएं निकालने और चिन्हित स्थलों पर ही सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा, पूर्व के विवादित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अपराध समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय-सीमा का सख्ती से पालन करने, ई-साक्ष्य ऐप के जरिए फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग करने, पासपोर्ट सत्यापन में सावधानी बरतने और एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई बढ़ाने, दुर्घटना मामलों में ई-डीएआर के माध्यम से रिपोर्ट समय पर भेजने और पीएम राहत योजना का लाभ पीड़ितों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का अनावश्यक स्थानांतरण रोकने, एल-2 स्तर पर निगरानी रखने तथा लंबित अपराधों, चालानों, मर्ग और गुम इंसान के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और जनसुरक्षा बनाए रखना तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना हर अधिकारी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
[मध्य विजन दर्पण/ ब्यूरो रिपोर्ट]
Share News with Friends
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन