ब्रेकिंग
Sunil Kumar Vishwakarma / Sat, Oct 17, 2026 / Post views : 216
सिंगरौली (म.प्र.) | 16 अक्टूबर 2026
चितरंगी पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में पिछले तीन महीने से फरार चल रहे 10,000 रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसे आखिरकार मुखबिर की सूचना पर उसके पैतृक गांव से घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 29 मई 2026 को उसके माता-पिता उसकी भाभी को प्रसव (डिलीवरी) के लिए चितरंगी अस्पताल ले गए थे, और वह घर पर अकेली थी। उसी दौरान रात करीब 09:00 बजे भाभी का भाई उसके घर आया और अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
फरियादिया की शिकायत पर थाना चितरंगी में बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं 64(1) और 64(2)(f) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस की विशेष कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना के बाद से ही आरोपी रतन केवट फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार उसके रिश्तेदारों और नजदीकी सहयोगियों के ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, जिला सिंगरौली द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 10,000/- रुपए (दस हजार रुपए) का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल निर्देशन, मार्गदर्शन व निगरानी में थाना प्रभारी चितरंगी द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने किसी संबंधी से जमानत को लेकर चर्चा करने के वास्ते अपने घर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुरमुचा गांव में घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
* गिरफ्तार आरोपी का विवरण: रतन केवट (पिता - हिरवा केवट), उम्र- 20 वर्ष, निवासी- खुरमुचा, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली (म.प्र.)।
सराहनीय भूमिका एवं पुलिस टीम
इस संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्री शियाज के.एम. (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिंह (भा.पु.से.), एसडीओपी चितरंगी श्री ललित बैरागी (रा.पु.से.) एवं एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी (रा.पु.से.) का मार्गदर्शन रहा।
गिरफ्तारी दल में थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी, श्रीमती उमेश तिवारी, सउनि. सतीश दीक्षित, आरक्षक सुदर्शन चौहान, मुकेश पाण्डेय, सर्वदानंद राय और प्रशांत केशरी की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Share News with Friends
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन