ब्रेकिंग
Babloo Prasad Vishwakarma / Thu, Oct 22, 2026 / Post views : 204
आस्था का महासंगम, सुरक्षा का अटूट संकल्प — जय अम्बे, जय दुर्गे के जयघोष के बीच 1742 मां दुर्गा प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन
सिंगरौली जिले की 952 एवं सीमावर्ती अन्य जिलों की 790 प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन, श्रद्धा एवं भक्तिभाव से सराबोर रहा वातावरण
500 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों ने संभाला सुरक्षा व्यवस्था का मोर्चा, सजगता, समर्पण एवं सेवाभाव से निभाया जनसुरक्षा का दायित्व
कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना एवं पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने देर रात तक किया विसर्जन स्थलों का भ्रमण, श्रद्धालुओं से किया आत्मीय संवाद
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने कर्तव्यस्थलों पर पहुंचकर बढ़ाया जवानों का मनोबल, सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिंगरौली जिले में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के वातावरण में मां दुर्गा की कुल 1742 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित विसर्जन संपन्न हुआ। इनमें सिंगरौली जिले की 952 एवं सीमावर्ती अन्य जिलों की 790 प्रतिमाएं शामिल रहीं। विसर्जन स्थलों पर ‘जय अम्बे, जय दुर्गे’ के गगनभेदी जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव की मिसाल बना पुलिस बल
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु 500 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों ने पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था का मोर्चा संभाला। विसर्जन स्थलों से लेकर प्रमुख मार्गों तक पुलिसकर्मी निरंतर सक्रिय रहे। देर रात तक अपने कर्तव्यस्थलों पर तैनात जवानों ने अनुशासन, सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हुए जनसुरक्षा के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया।
देर रात तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक
नवागत कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अंकित अस्थाना तथा पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. (भा.पु.से.) ने तेलगवां एवं हिर्रवाह सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में उत्साह एवं आत्मीयता का भाव दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक ने जवानों का बढ़ाया मनोबल, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव की सराहना की
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. ने विभिन्न विसर्जन स्थलों एवं कर्तव्यस्थलों पर पहुंचकर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से संवाद किया। उन्होंने देर रात तक पूरी निष्ठा एवं सजगता से ड्यूटी कर रहे जवानों के समर्पण, अनुशासन एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता और संयम के साथ कर्तव्य निर्वहन के निर्देश दिए।
समन्वय एवं सतर्कता से संपन्न हुआ विसर्जन
समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा यातायात पुलिस ने अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्थाओं का संचालन किया। राजस्व विभाग, नगर निगम, एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं अन्य संबंधित विभागों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सिंगरौली पुलिस ने समस्त श्रद्धालुओं, दुर्गा पूजा समितियों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों के अनुशासित सहयोग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
Share News with Friends
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन